कटनी पुलिस द्वारा "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)" अभियान का सफल समापन*
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं, उत्कृष्ट प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं का किया गया सम्मान
कटनी। युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के उद्देश्य से माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की मंशानुसार तथा पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना जी के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में 15 से 30 जुलाई 2026 तक संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)" अभियान का कटनी पुलिस द्वारा सफलतापूर्वक संचालन किया गया। अभियान का भव्य समापन आज दिनांक 30 जुलाई 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, कटनी में आयोजित सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सम्पन्न हुआ।
पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के दौरान जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। स्कूलों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों, औद्योगिक इकाइयों, कॉलोनियों, बस्तियों, प्रमुख बाजारों, मॉल्स, अस्पतालों, धार्मिक स्थलों, खेल मैदानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया तथा शपथ भी दिलाई गई।
अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैलियाँ, मैराथन, नुक्कड़ सभाएँ, खेल प्रतियोगिताएँ, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में संवाद कार्यक्रम, पोस्टर, चित्रकला, निबंध, स्लोगन, रंगोली, शॉर्ट फिल्म एवं रील्स प्रतियोगिताओं सहित अनेक रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समापन समारोह में अभियान को सफल बनाने में उल्लेखनीय सहयोग देने वाले विभिन्न संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवकों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
निबंध प्रतियोगिता में आशी साहू, माही लोधी एवं जतिन तिवारी को सम्मानित किया गया।
पोस्टर प्रतियोगिता में वर्षा कुमारी, आयुष साहू, आराध्या चौधरी, ऋतिक दहिया एवं अनमोल पांडे को पुरस्कार प्रदान किए गए।
चित्रकला प्रतियोगिता में ईशा जाटव, सोनम यादव, माही पटेल एवं आराधना यादव को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता के विजेताओं में बालिका जूनियर वर्ग में केंद्रीय विद्यालय ने प्रथम तथा बार्डस्ले इंग्लिश मीडियम स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालक जूनियर वर्ग में केंद्रीय विद्यालय ऑर्डिनेंस फैक्ट्री कटनी प्रथम तथा कटनी यूनियन स्कूल द्वितीय स्थान पर रहा। वहीं बालक सीनियर वर्ग में ग्राम छहरी स्कूल ने प्रथम एवं शासकीय तिलक महाविद्यालय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों को ट्रॉफी, पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।