सीसीटीवी पुलिस कंट्रोल रूम कटनी की तत्परता से फरियादी को मिला दस्तावेजों से भरा बैग
कटनी। पुलिस कंट्रोल रूम स्थित सीसीटीवी शाखा की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही से एक फरियादी का महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग सुरक्षित बरामद कर उसे वापस सौंपा गया।
फरियादी जय कुमार सोनी, निवासी जिला पन्ना, किसी कार्य से कटनी आए थे। कटनी बस स्टैंड से कटनी साउथ रेलवे स्टेशन जाते समय उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। बैग में उनकी मूल मार्कशीट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे। काफी तलाश के बाद भी बैग का पता नहीं चलने पर फरियादी सहायता के लिए सीसीटीवी पुलिस कंट्रोल रूम, कटनी पहुँचे।
फरियादी की सूचना पर सीसीटीवी पुलिस कंट्रोल रूम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए संबंधित मार्ग के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सूक्ष्म अवलोकन किया। तकनीकी सहायता से ऑटो की पहचान कर उसका पंजीयन क्रमांक MP21R3125 प्राप्त किया गया। इसके बाद ऑटो चालक से संपर्क स्थापित कर बैग सुरक्षित प्राप्त किया गया।
बैग में रखी सभी मार्कशीट एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित पाए गए, जिन्हें विधिवत फरियादी जय कुमार सोनी के सुपुर्द किया गया। अपना खोया हुआ बैग एवं आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित वापस मिलने पर फरियादी ने कटनी पुलिस एवं सीसीटीवी पुलिस कंट्रोल रूम का आभार व्यक्त किया।
उक्त सराहनीय कार्यवाही में उपनिरीक्षक (रेडियो) अनामिका सोनकर (चौहान), आरक्षक 665 रोहित शर्मा एवं आरक्षक 698 पुष्पेंद्र यादव की विशेष एवं प्रशंसनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment