Tuesday, September 22, 2026

191 विद्यार्थियों की कान-नाक-गला जांच, सुनने में कठिनाई वाले बच्चों को हियरिंग मशीन की सलाह

 

191 विद्यार्थियों की कान-नाक-गला जांच, सुनने में कठिनाई वाले बच्चों को हियरिंग मशीन की सलाह




कटनी। अंतर्राष्ट्रीय बधिर सप्ताह के अवसर पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय EPES माध्यमिक शाला पहरुआ में 22 सितंबर को कान, नाक एवं गला (ENT) विषय पर एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यालय के कुल 191 छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की गई।

शिविर में ऑडियोलॉजिस्ट एवं स्पीच थैरेपिस्ट श्रीमती आभा नामदेव, डॉक्टर रूपा प्रसाद, पूजा पांडे एवं दिव्यम खरे सहित स्वास्थ्य टीम ने बच्चों की जांच की। इस दौरान बच्चों में कान के संक्रमण, कान में मैल (भेल), बचपन में होने वाली बीमारियों तथा सुनने की क्षमता से जुड़ी समस्याओं की जांच की गई।

जांच के दौरान जिन बच्चों को कम सुनाई देने अथवा बहरेपन की समस्या पाई गई, उन्हें आवश्यक परामर्श देते हुए हियरिंग मशीन लगाने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य टीम ने बच्चों और उनके परिजनों को कानों की देखभाल तथा सुनने की क्षमता से संबंधित समस्याओं के प्रति जागरूक भी किया।

शिविर में केवल कान, नाक और गले की जांच तक सीमित न रहते हुए बच्चों के समग्र स्वास्थ्य की भी निशुल्क जांच की गई। जांच में कमजोर पाए गए बच्चों को आवश्यकतानुसार दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। इस पहल से बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान के साथ उनके समाधान की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए गए।

Sunday, September 20, 2026

धूमधाम से निकला कश्यप जयंती का जुलूस, कसौधन समाज ने उत्साह से मनाया पर्व

धूमधाम से निकला कश्यप जयंती का जुलूस, कसौधन समाज ने उत्साह से मनाया पर्व



कटनी। कसौधन वैश्य समाज द्वारा कश्यप जयंती का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कसौधन वैश्य धर्मशाला से वर्षों से परंपरागत रूप से कश्यप जयंती के अवसर पर जुलूस निकाला जाता है। इस वर्ष भी समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए जयंती पर्व मनाया।

जुलूस में समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं वरिष्ठजन शामिल हुए। आयोजन के दौरान समाज की एकता, सामाजिक समरसता और परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। धर्मशाला परिसर से निकले जुलूस में समाजजन उत्साह के साथ शामिल हुए और कश्यप जयंती की शुभकामनाएं दीं।

आयोजन में कसौधन समाज के वरिष्ठ अध्यक्ष दर्शन गुप्ता, महामंत्री मनीष संजोग गुप्ता, कोषाध्यक्ष सौरभ गुप्ता, उपाध्यक्ष संतोष प्रसाद गुप्ता, सहित सुरेंद्र गुप्ता, सुरेश गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, संतोष गुप्ता, विनोद गुप्ता, संजय गुप्ता, विवेक गुप्ता एवं दीपक गुप्ता की सहभागिता रही।

इसी तरह नवयुग मंडल के अध्यक्ष लवकुश गुप्ता, महामंत्री कृष्ण दास गुरु, कोषाध्यक्ष कपिल गुप्ता, उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता सहित राम गुप्ता, भारत गुप्ता, गोलू गुप्ता, आशीष गुप्ता एवं संजू गुप्ता उपस्थित रहे।

महिला मंडल की ओर से अध्यक्ष श्रीमती पूजा गुप्ता, कार्यवाहक अध्यक्ष एडवोकेट श्रीमती अर्चना गुप्ता, महामंत्री कंचन गुप्ता, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी गुप्ता, उपाध्यक्ष मोना गुप्ता सहित रमा गुप्ता, छवी गुप्ता, किरण गुप्ता, कृष्ण गुप्ता, रोशनी गुप्ता, क्षमा गुप्ता, सुशील गुप्ता, सरिका गुप्ता एवं शशि गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं शामिल हुईं।

Thursday, September 17, 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर महापौर श्रीमती सूरी ने दी हार्दिक शुभकामनाएं,प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति एवं विकास के पथ पर अग्रसर : महापौर

 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर महापौर श्रीमती सूरी ने दी हार्दिक शुभकामनाएं,प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति एवं विकास के पथ पर अग्रसर : महापौर



कटनी। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम कटनी की महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।महापौर श्रीमती सूरी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और देश के विकास के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता और जनहित के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए कहा कि राष्ट्र की सेवा के लिए उनका मार्गदर्शन एवं नेतृत्व देशवासियों को निरंतर प्रेरणा प्रदान करता रहे और भारत विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।




Tuesday, September 15, 2026

“छात्रों की गूंज” को लेकर विजयराघवगढ़ के कॉलेजों में जोरदार जनसंपर्क, छात्रों ने किया उत्साहपूर्वक स्वागत।

“छात्रों की गूंज” को लेकर विजयराघवगढ़ के कॉलेजों में जोरदार जनसंपर्क, छात्रों ने किया उत्साहपूर्वक स्वागत।



कटनी। राहुल गांधी के आह्वान पर 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम को लेकर आज कटनी जिले के विकासखंड विजयराघवगढ़ के विभिन्न महाविद्यालयों में युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं पूर्व एनएसयूआई जिला अध्यक्ष दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं के बीच व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। युवाओं को इंदौर में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया तथा बड़ी संख्या में छात्रों का रजिस्ट्रेशन कराया गया। पूरे प्रदेश में Gen-Z युवाओं के बीच “छात्रों की गूंज” को लेकर जबरदस्त उत्साह और ऊर्जा देखने को मिल रही है। पेपर लीक, शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण, बेरोजगारी तथा KG से PG तक मुफ्त शिक्षा जैसे छात्रहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर युवा अपनी आवाज़ बुलंद करने के लिए तैयार हैं। इस अवसर पर दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ ने कहा कि, “आज का Gen-Z युवा अपने भविष्य को लेकर बेहद सजग और जागरूक है। पेपर लीक और शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण ने छात्रों के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी की हैं। राहुल गांधी जी ने छात्रों की आवाज़ को मंच देने का जो आह्वान किया है, उसका असर पूरे प्रदेश में दिखाई दे रहा है। विजयराघवगढ़ के कॉलेजों में छात्रों का उत्साह और स्वागत इस बात का प्रमाण है कि युवा अब अपने अधिकारों और बेहतर भविष्य के लिए अपनी आवाज़ बुलंद करना चाहता है। 19 सितंबर को इंदौर में छात्रों की यह आवाज़ और मजबूती से गूंजेगी।” जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने कहा कि, “छात्रों की समस्याएं केवल छात्रों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश के भविष्य से जुड़ी हुई हैं। पेपर लीक, बेरोजगारी और महंगी शिक्षा के खिलाफ युवाओं को एकजुट होना होगा। विजयराघवगढ़ के छात्रों में कार्यक्रम को लेकर जिस तरह का उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे स्पष्ट है कि 19 सितंबर को इंदौर में युवाओं की बड़ी भागीदारी होगी।” वहीं एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अजय खटिक ने कहा कि, “छात्रों की गूंज आज कॉलेज-कॉलेज तक पहुंच रही है। KG से PG तक मुफ्त शिक्षा, पेपर लीक पर रोक और शिक्षा के व्यापारीकरण के खिलाफ छात्र अपनी आवाज़ उठाने के लिए तैयार हैं। विजयराघवगढ़ के छात्र भी बड़ी संख्या में इंदौर पहुँचकर इस अभियान को मजबूती प्रदान करेंगे।” जनसंपर्क अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में 19 सितंबर को इंदौर पहुँचकर “छात्रों की गूंज” को मजबूत बनाने की अपील की गई। इस अवसर पर युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष यु.का शुभम साहू,शुभम शर्मा,एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष राजन साहू,अवध यादव,सौरभ पांडेय,अखिलेश द्विवेदी,विकास सिंह,अभिषेक दुबे,वैभव सिंह बघेल,अमन तिवारी,वीरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Monday, September 14, 2026

17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, जनसेवा के संकल्प को धरातल पर उतारेगी भाजपा

 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, जनसेवा के संकल्प को धरातल पर उतारेगी भाजपा


कटनी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। दोपहर 12:30 बजे आयोजित पत्रकार वार्ता में मध्यप्रदेश सरकार के वन मंत्री दिलीप अहिरवार ने अभियान की रूपरेखा और उद्देश्य को लेकर मीडिया को संबोधित किया।

वन मंत्री श्री अहिरवार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा, सहयोग और जनकल्याण की भावना को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि सेवा को अपना मूल मंत्र मानकर निरंतर जनता के बीच कार्य करने वाला संगठन है। अभियान के दौरान विभिन्न सेवा एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में अभियान की गतिविधियों, संगठनात्मक तैयारियों और जनभागीदारी को लेकर भी जानकारी साझा की गई। मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ना और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए सामूहिक प्रयास को गति देना है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन, विधायकगण, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, निगमाध्यक्ष सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि 17 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर तक चलने वाला यह अभियान सेवा, समर्पण और जनसरोकारों को केंद्र में रखकर व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

नागरिकों की बात सीधे महापौर तक, 15 सितंबर को फिर होगी महापौर जनसुनवाई,सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक नगर निगम में सुनी जाएंगी शहरवासियों की समस्याएं

नागरिकों की बात सीधे महापौर तक, 15 सितंबर को फिर होगी महापौर जनसुनवाई,सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक नगर निगम में सुनी जाएंगी शहरवासियों की समस्याएं


कटनी।। शहरवासियों की समस्याओं को सुनने और उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम में एक बार फिर महापौर जनसुनवाई का आयोजन मंगलवार 15 सितंबर को किया जाएगा। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं को सीधे महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के समक्ष रख सकेंगे। महापौर जनसुनवाई प्रातः 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक नगर निगम में आयोजित होगी। इस दौरान नागरिकों से प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण सुनिश्चित कराया जाएगा। महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों और नगर निगम के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे समस्याओं की वास्तविक स्थिति समझने और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर उसके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाती है। नगर निगम का प्रयास है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से विभिन्न शाखाओं में जाने की आवश्यकता न पड़े। महापौर श्रीमती सूरी ने नगरवासियों से अपील की है कि वे 15 सितंबर को आयोजित महापौर जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें।

विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस समारोह 16 सितंबर को, होगा भव्य आयोजन

विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस समारोह 16 सितंबर को, होगा भव्य आयोजन



कटनी। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल जिला कटनी के तत्वावधान में विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस समारोह 16 सितंबर 2026, बुधवार को दोपहर 12 बजे से आयोजित किया जाएगा। आयोजन ऑडिटोरियम हॉल, बस स्टैंड, कटनी में होगा। आयोजकों के अनुसार स्थापना दिवस समारोह में जिले के विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी। समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारियां की जा रही हैं तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संपर्क किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री जितेंद्र जी वर्मा होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध उद्योगपति एवं सिंधी समाज के अध्यक्ष वीरेंद्र तीर्थानी करेंगे। वहीं बाल ब्रह्मचारी संत श्री ब्रह्मानंद जी महाराज मुख्य संत के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह में नूपुर कपूर, प्रिंसिपल सेंट किड्स स्कूल, सुधांशु तिवारी, प्रतिष्ठित समाजसेवी, तथा डॉ. श्रीमतिनिधि प्रसंग बजाज, कटनी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम प्रभारी मोनी जैसवानी, जिला अध्यक्ष लखन साहू, कार्यक्रम संयोजक मनीष दुबे, जिला मंत्री राहुल मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे हैं। पत्रकार वार्ता में राहुल दुबे प्रदेश सह सयोजक विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल जिला कटनी करण मिश्रा, आयुष अवस्थी, कुनाल बर्मन सहित अन्य की उपस्थिति रही। सभी पदाधिकारीयों ने धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों तथा आम नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है।


Saturday, September 12, 2026

अग्रवाल महिला मंडल ने मनाया नंदोत्सव

 अग्रवाल महिला मंडल ने मनाया  नंदोत्सव


कटनी: अग्रवाल महिला मंडल द्वारा नंद उत्सव एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में  नंदोत्सव एवं बाल लीला महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महिलाओं ने सजे हुए लड्डू गोपाल जी को झूला झुलाया, भजन-कीर्तन किए और भगवान के जन्म के बाद _नंद घर आनंद भयो_ की बधाइयाँ गाई, लड्डू गोपाल जी को 56 भोग लगाया गया, इसी अवसर पर परम्परागत गुड़ के लड्डू बनाओ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बड़े उत्साह से भाग लिया। निर्णायक मंडल द्वारा स्वाद एवं प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया।

विजेता प्रतिभागी:

*प्रथम स्थान - श्रीमती रेखा अग्रवाल*

*द्वितीय स्थान - श्रीमती रीता अग्रवाल*

*तृतीय स्थान - श्रीमती रानी अग्रवाल*

सभी विजेताओं को अग्रवाल महिला मंडल द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की *अध्यक्ष श्रीमती निमिषा अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती अलका अग्रवाल, सचिव श्रीमती नीति अग्रवाल, सह-सचिव श्रीमती पायल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती रश्मि अग्रवाल* सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं  उपस्थित रहीं।

नागरिकों की समस्याओं के निराकरण को लेकर महापौर श्रीमती सूरी ने किया विभिन्न क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण मदन मोहन चौबे, सी.एल.पी. पाठक एवं राम जानकी हनुमान वार्ड का लिया जायजा बाधित आवागमन को लेकर अधिकारियों को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश, सड़क निर्माण एवं नाला कव्हरिंग के प्रस्ताव तैयार करने के दिए निर्देश

 नागरिकों की समस्याओं के निराकरण को लेकर महापौर श्रीमती सूरी ने किया विभिन्न क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण

मदन मोहन चौबे, सी.एल.पी. पाठक एवं राम जानकी हनुमान वार्ड का लिया जायजा

बाधित आवागमन को लेकर अधिकारियों को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश, सड़क निर्माण एवं नाला कव्हरिंग के प्रस्ताव तैयार करने के दिए निर्देश



कटनी।। नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण  करने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों का लगातार मैदानी निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में महापौर श्रीमती सूरी ने मदन मोहन चौबे वार्ड, सी.एल.पी. पाठक वार्ड, राम जानकी हनुमान वार्ड के पवन पुरी क्षेत्र एस.बी.एन. हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंच मार्ग सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

नागरिकों से सीधे संवाद कर सुनीं आवागमन संबंधी समस्याएं

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने महापौर श्रीमती सूरी को अवगत कराया कि उनके घरों तक पहुंचने वाले मार्ग में निर्माण कार्य कराए जाने के कारण रास्ता बाधित हो गया है। इसके चलते संबंधित गली अत्यधिक संकरी हो गई है। नागरिकों ने बताया कि इसी मार्ग से बच्चों, महिलाओं एवं वृद्धजनों का नियमित आवागमन होता है, जिससे आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

महापौर ने नागरिकों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर संबंधित उपयंत्री को स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा मार्ग सुरक्षित एवं सुगम बना रहे, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता से की जाए।

महाजन टाल से स्थल तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव, शीघ्र कराया जाएगा कार्य

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने सड़क निर्माण की आवश्यकता से भी महापौर को अवगत कराया। नागरिकों द्वारा संबंधित मार्ग का भ्रमण कराते हुए सड़क निर्माण की मांग रखी गई। महापौर श्रीमती सूरी ने जानकारी देते हुए बताया कि महाजन टाल से उक्त स्थल तक सड़क निर्माण कार्य का प्रस्ताव तैयार है तथा शीघ्र ही निर्माण कार्य कराया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्रीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की मूलभूत अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।

खुले नाले की समस्या के निराकरण हेतु नाला कव्हरिंग का प्रस्ताव बनाने के निर्देश

सी.एल.पी. पाठक वार्ड एवं मदन मोहन चौबे वार्ड के बीच वाली गली में खुले नाले को कव्हर कराने की मांग भी नागरिकों द्वारा महापौर के समक्ष रखी गई। नागरिकों ने बताया कि खुले नाले के कारण आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी समस्या बनी रहती है तथा बच्चों एवं वृद्धजनों के आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका रहती है। महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित उपयंत्री को नाला कव्हरिंग के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए।

सफाई एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर भी दिए आवश्यक निर्देश

निरीक्षण के दौरान महापौर ने क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित एवं पर्याप्त सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। साथ ही महापौर ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों से प्राप्त समस्याओं का मौके पर परीक्षण कर उनका शीघ्र एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

नागरिकों एवं स्कूली बच्चों की सुविधा हेतु तत्काल आवागमन सुलभ बनाने के दिए निर्देश

महापौर श्रीमती सूरी ने श्री राम जानकी हनुमान वार्ड के साईपुरम प्रवेश मार्ग पवनपुरी क्षेत्र के साथ एस.बी.एन. हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंच मार्ग सहित आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पाइपलाइन डालने के कार्य के बाद मार्ग की स्थिति प्रभावित हुई है, जिसके कारण स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को भी आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

महापौर ने मौके पर संबंधित अधिकारियों को नागरिकों एवं स्कूली बच्चों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवागमन सुलभ बनाए जाने हेतु तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण एवं विकास कार्यों के दौरान नागरिकों एवं स्कूली बच्चों के आवागमन में अनावश्यक बाधा उत्पन्न न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश

महापौर श्रीमती सूरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर नागरिकों की समस्याओं को मौके पर समझा जा रहा है, ताकि आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनका शीघ्र निराकरण कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों के लिए सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, उपयंत्री हिमांशु गौतम सहित संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Wednesday, September 9, 2026

युवा जोश के साथ पारस जैन के स्वागत में निकली भव्य शौर्य यात्रा मुख्य रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ कारवां, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में महाआरती के बाद भाजपा कार्यालय में हुआ अभिनंदन

 युवा जोश के साथ पारस जैन के स्वागत में निकली भव्य शौर्य यात्रा

मुख्य रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ कारवां, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में महाआरती के बाद भाजपा कार्यालय में हुआ अभिनंदन




कटनी। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष पारस जैन के स्वागत एवं अभिनंदन में मंगलवार को शहर में भव्य युवा शौर्य स्वागत यात्रा निकाली गई। मुख्य रेलवे स्टेशन से शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी एवं समर्थक शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भगवा झंडों और जोशीले नारों के बीच निकली यात्रा ने शहर के प्रमुख मार्गों को उत्साह से भर दिया।

सायं करीब 4 बजे मुख्य रेलवे स्टेशन से यात्रा का शुभारंभ हुआ। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने पारस जैन का पुष्पमालाओं, पुष्पवर्षा और आतिशी अंदाज में स्वागत किया। युवाओं के जोश और भाजपा के नारों से वातावरण पूरी तरह भाजपामय नजर आया।

दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में महाआरती

स्वागत यात्रा कमानिया गेट स्थित प्रसिद्ध दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर पहुंची। यहां पारस जैन सहित युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान हनुमान का आशीर्वाद लिया और महाआरती में सहभागिता की। धार्मिक वातावरण के बीच कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इसके बाद यात्रा बरगवां होते हुए जिला भाजपा कार्यालय पहुंची, जहां स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पारस जैन का आत्मीय स्वागत किया।

‘युवा मोर्चा संगठन की रीढ़’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में युवा कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवा मोर्चा संगठन की रीढ़ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने तथा सरकार एवं संगठन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

नई ऊर्जा के साथ संगठन को मजबूत करने का संकल्प

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष पारस जैन ने स्वागत के लिए वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और दृढ़ता के साथ निर्वहन करेंगे। जिले में युवा मोर्चा को और मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से युवा मोर्चा को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम का समापन कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित अल्पाहार के साथ हुआ।

इनकी रही सहभागिता

भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सुनील उपाध्याय, सपना सरावगी, अंकिता तिवारी, अमरीश वर्मा, अम्बु सहित अन्य पदाधिकारियों ने पारस जैन का स्वागत किया। स्वागत यात्रा में युवा मोर्चा के शुभ सोनी, सचिन निषाद, संस्कार मिश्रा, शेंकी जैन, नकुल सचदेवा, राजा सोनी, आयुष पाण्डेय, रोहित जैन, नमन जैन, अमित तिवारी, यश खरे, साध्वी निगम सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

प्रधानमंत्री आवास योजना के 102 हितग्राहियों को से मिला अपना आशियाना प्रेमनगर में पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया से हुआ आवास आवंटन, महापौर श्रीमती सूरी की गरिमामय उपस्थिति में हितग्राहियों को सौंपे गए आवंटन पत्र आवंटित आवास में गृह प्रवेश, खुशी से खिले हितग्राहियों के चेहरे,जताया आभार

प्रधानमंत्री आवास योजना के 102 हितग्राहियों को से मिला अपना आशियाना

प्रेमनगर में पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया से हुआ आवास आवंटन, महापौर श्रीमती सूरी की गरिमामय उपस्थिति में हितग्राहियों को सौंपे गए आवंटन पत्र

आवंटित आवास में गृह प्रवेश, खुशी से खिले हितग्राहियों के चेहरे,जताया आभार

कटनी।। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपने पक्के घर का लंबे समय से इंतजार कर रहे 102 पात्र हितग्राहियों के लिए बुधवार का दिन खुशियों से भरा रहा। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक के अंतर्गत प्रेमनगर बस्ती में निर्मित 102 आवासों का पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से आवंटन किया गया। आवास आवंटन कार्यक्रम महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को उनके आवास आवंटन पत्र प्रदान किए गए।

हितग्राहियों ने अपने हाथों से चुना अपना आशियाना

निगम प्रशासन द्वारा आवास आवंटन की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखते हुए पात्र हितग्राहियों को स्वयं लॉटरी के माध्यम से आवास चुनने का अवसर दिया गया। हितग्राहियों द्वारा पर्चियां निकालकर आवास क्रमांक का चयन किया गया। लॉटरी में जैसे-जैसे हितग्रिताओं के नाम और आवास क्रमांक सामने आते गए, वैसे-वैसे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और खुशी का माहौल बनता गया। कई हितग्राहियों के लिए यह क्षण विशेष भावुक करने वाला रहा, क्योंकि लंबे समय से स्वयं के पक्के मकान का सपना संजोए परिवारों को अब अपना आशियाना मिलने की खुशी मिली। 

102 परिवारों के पक्के घर का सपना हुआ साकार

प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से प्रेमनगर में निर्मित 102 आवासों का आवंटन शहर के उन परिवारों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो लंबे समय से अपने स्वयं के पक्के मकान की प्रतीक्षा कर रहे थे। आवास मिलने से इन परिवारों को न केवल सुरक्षित एवं स्थायी आवास उपलब्ध होगा, बल्कि उनके जीवन में स्थायित्व और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद भी जुड़ी है।

प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। इसी दिशा में नगर पालिक निगम कटनी द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

महापौर, निगमाध्यक्ष एवं निगमायुक्त ने दी हितग्राहियों को शुभकामनाएं

इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ,निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास प्राप्त करने वाले सभी हितग्राहियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार के लिए अपना पक्का घर केवल एक भवन नहीं, बल्कि सुरक्षित भविष्य, स्थायित्व और सम्मानजनक जीवन का आधार होता है।

उन्होंने हितग्राहियों के जीवन में आए इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की। साथ ही आवंटित आवासों का निर्धारित नियमों के अनुसार उपयोग करने एवं उन्हें स्वच्छ तथा सुव्यवस्थित रखने की अपील की।

पारदर्शी प्रक्रिया से हुआ आवासों का आवंटन

योजना के नोडल अधिकारी श्री अनिल जायसवाल ने बताया कि आवास आवंटन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं मापदंडों के अनुसार पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। पात्र हितग्राहियों को लॉटरी के माध्यम से स्वयं आवास चुनने का अवसर दिया गया, जिससे आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और सभी पात्र हितग्राहियों को समान अवसर प्राप्त हो।

नए घर की दहलीज पर खुशियों ने दी दस्तक, हितग्राहियों ने जताया आभार

आवास आवंटन के पश्चात हितग्राही सुभाष कुरिल एवं सीमा श्रीवास्तव द्वारा अपने-अपने आवंटित आवास पर कलश पूजन एवं जल अर्पित कर विधिवत गृह प्रवेश किया गया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी ने दोनों हितग्राहियों को उनके नए घर के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा उनके सुखी, समृद्ध एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने हितग्राहियों से आग्रह किया कि वे अपने घर के साथ-साथ आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखें तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक रहते हुए स्वच्छ एवं सुंदर कटनी के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें। उन्होंने आवास प्राप्त करने वाले सभी नागरिकों को भी शुभकामनाएं दीं।

हितग्राहियों ने जताया आभार, कहा—आज पूरा हुआ वर्षों का सपना

आवास आवंटन के दौरान हितग्राहियों में खास उत्साह देखने को मिला। अपने आवास का क्रमांक लॉटरी के माध्यम से स्वयं चुनने और आवंटन पत्र प्राप्त करने के बाद हितग्रिताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन, प्रशासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

हितग्राहियों ने कहा कि अपने परिवार के लिए स्वयं का पक्का घर होना उनका लंबे समय से देखा हुआ सपना था। आर्थिक परिस्थितियों के कारण यह सपना पूरा होना आसान नहीं था, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उन्हें अपने परिवार के लिए सुरक्षित और स्थायी आशियाना प्राप्त हुआ है। लॉटरी के माध्यम से स्वयं अपने आवास का चयन करने और इसके बाद आवंटन पत्र प्राप्त करने का अवसर उनके लिए बेहद खुशी और यादगार पल रहा।हितग्राहियों ने कहा कि आज उनके लिए केवल एक मकान का आवंटन नहीं हुआ है, बल्कि उनके परिवार को एक सुरक्षित भविष्य, स्थायित्व और सम्मान के साथ जीवन जीने का आधार मिला है। उन्होंने शासन की इस योजना को जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके वर्षों पुराने सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आवास के उपयोग को लेकर नियमों की दी गई जानकारी

निगम प्रशासन द्वारा हितग्राहियों को आवास आवंटन से संबंधित नियमों की जानकारी भी दी गई। स्पष्ट किया गया कि आवास की निर्धारित संपूर्ण राशि जमा करने के बाद ही आधिपत्य पत्र जारी किया जाएगा। साथ ही आवंटित आवास का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाना होगा। निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि आवंटित आवास को किराये पर देने अथवा किसी अपात्र व्यक्ति को आवास में रहने देने की स्थिति में आवंटन निरस्त किया जा सकता है तथा संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, नोडल अधिकारी अनिल जायसवाल,उपयंत्री जेपी सिंह बघेल सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राही उपस्थित रहे।

Tuesday, September 8, 2026

कटनी नगर निगम में आयोजित हुई साप्ताहिक महापौर जनसुनवाई महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों की सुनीं समस्याएं, समयबद्ध निराकरण हेतु विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश

 कटनी नगर निगम में आयोजित हुई साप्ताहिक महापौर जनसुनवाई

महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों की सुनीं समस्याएं, समयबद्ध निराकरण हेतु विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश




कटनी।। नगर निगम कार्यालय में मंगलवार, 8 सितंबर को साप्ताहिक 'महापौर जनसुनवाई' का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में शहर के सभी वार्डों से आए नागरिक अपनी मूलभूत समस्याओं,  शिकायतों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर पहुंचे। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने जनसुनवाई में आए प्रत्येक आवेदक से सीधा संवाद स्थापित किया, उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत तलब कर प्रकरणों की बिंदुवार व वस्तुस्थिति आधारित समीक्षा की।

नागरिकों ने मुख्य रूप से शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत,जलकर,आवास योजना के लाभ में आ रही समस्याओं, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा व पेंशन योजनाओं के लंबित प्रकरणों से अवगत कराया। महापौर ने आवेदनों को देखते ही अधिकारियों से उनके लंबित रहने का कारण पूछा और तत्काल समाधान के मार्ग प्रशस्त किए।

महापौर श्रीमती सूरी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को  निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त होने वाले आवेदनों को किसी भी स्थिति में लंबित नहीं रखा जाए, उन्होंने स्पष्ट कहा कि 

आम नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी और जायज समस्याओं के लिए बार-बार नगर निगम कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। 

महापौर ने रेखांकित किया कि जनसुनवाई केवल आवेदन जमा करने की औपचारिकता मात्र नहीं है, बल्कि यह आम जनता और नगर निगम प्रशासन के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करने का एक सशक्त सेतु है। उन्होंने कहा कि शहर की प्रशासनिक व नागरिक व्यवस्थाओं को सुचारू, सुदृढ़ और पूरी तरह नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए यह सीधा संवाद अत्यंत प्रभावकारी सिद्ध हो रहा है। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के स्वास्थ्य, लोक निर्माण , जल प्रदाय, प्रकाश और समाज कल्याण विभाग के प्रमुखों सहित तकनीकी अधिकारी व अमला मौजूद रहा, जिन्हें प्राप्त प्रकरणों पर समयबद्ध कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने की सीधी जिम्मेदारी सौंपी गई।

Thursday, September 3, 2026

जन्माष्टमी पर भक्ति में डूबेगा नगर , मंदिरों में गूंजेगा नंदलाल का जयघोष श्री सत्यनारायण मंदिर बनेगा मुख्य आकर्षण, आधी रात होगा श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, झांकियां, सजावट और धार्मिक आयोजनों से सजेगा शहर

 जन्माष्टमी पर भक्ति में डूबेगा नगर , मंदिरों में गूंजेगा नंदलाल का जयघोष

श्री सत्यनारायण मंदिर बनेगा मुख्य आकर्षण, आधी रात होगा श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, झांकियां, सजावट और धार्मिक आयोजनों से सजेगा शहर





कटनी।। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर नगर में उत्साह चरम पर है। चार सितंबर को पूरा शहर आस्था, भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आएगा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में शाम से देर रात तक धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिरों में आकर्षक विद्युत सजावट, मनोहारी झांकियां और विशेष पूजा-अर्चना श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों में शंखनाद और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।

श्री सत्यनारायण मंदिर सहित शहर के प्रमुख श्रीकृष्ण मंदिरों में जन्माष्टमी को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। चार सितंबर को शाम 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए मंदिर परिसरों के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।


सुरक्षित और सुगम दर्शन के लिए विशेष इंतजाम

जन्माष्टमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रमुख मंदिरों के आसपास सड़क एवं गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। श्री सत्यनारायण मंदिर, श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, गोविंद देव जी मंदिर, मधई मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों के आसपास व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। मंदिरों और आयोजन स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई व्यवस्था रखने के साथ सार्वजनिक स्थलों की सतत निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं। आयोजन समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।


श्री सत्यनारायण मंदिर में दिखेगा जन्माष्टमी का ऐतिहासिक वैभव

नगर की जन्माष्टमी की चर्चा हो और श्री सत्यनारायण मंदिर, मस्तराम अखाड़ा का नाम न आए, ऐसा संभव नहीं। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी यहां श्रीकृष्ण जन्मोत्सव भव्यता और परंपरागत उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।

शहर के इस ऐतिहासिक मंदिर में मनाया जाने वाला श्रीकृष्ण जन्मोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि कटनी की पुरानी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का जीवंत प्रतीक माना जाता है। जन्माष्टमी की रात यहां श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ने की संभावना है।


1917 से चली आ रही परंपरा, आज भी कायम

श्री सत्यनारायण मंदिर का इतिहास भी इस आयोजन को विशेष महत्व प्रदान करता है। वर्ष 1917 में स्वर्गीय श्री केदारमल जी बजाज द्वारा मंदिर का निर्माण कराया गया था। इसके बाद से बजाज परिवार द्वारा मंदिर की धार्मिक परंपराओं और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आयोजन की परंपरा निरंतर निभाई जा रही है। एक सदी से अधिक समय से चली आ रही यह परंपरा आज भी उसी श्रद्धा और समर्पण के साथ आगे बढ़ रही है। यही वजह है कि सत्यनारायण मंदिर का जन्माष्टमी उत्सव कटनी के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।


झांकियां और कृष्ण जन्मोत्सव रहेंगी आकर्षण का केंद्र

जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित विभिन्न झांकियां सजाई जाएंगी। बाल कृष्ण की लीलाओं, गोकुल-वृंदावन की झलक और श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग से जुड़ी झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

शाम से मंदिरों में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाएगा। भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान और श्रीकृष्ण की आराधना के बीच जैसे-जैसे घड़ी की सुइयां मध्यरात्रि की ओर बढ़ेंगी, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं का उत्साह भी चरम पर पहुंचेगा। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही 'नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की' के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठेंगे श्री सत्यनारायण मंदिर ट्रस्ट द्वारा जन्माष्टमी के इस ऐतिहासिक आयोजन से जुड़ी तैयारियों, मंदिर के गौरवशाली इतिहास और आयोजन की परंपरा की महत्वपूर्ण जानकारी साझा करने के लिए पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया है। इसमें आयोजन की रूपरेखा और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी भी साझा की जाएगी। इस बार की जन्माष्टमी धार्मिक आस्था के साथ-साथ शहर की ऐतिहासिक परंपरा, संस्कृति और सामूहिक उत्सव का अद्भुत संगम बनने जा रही है। मंदिरों की साज-सज्जा, आकर्षक झांकियां, भजन-कीर्तन और मध्यरात्रि में होने वाला श्रीकृष्ण जन्मोत्सव चार सितंबर की रात को कटनी को पूरी तरह कृष्णमय कर देगा।


श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर महापौर श्रीमती सूरी ने नगर के प्रमुख मंदिरों का किया निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, प्रकाश एवं सुगम आवागमन व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर महापौर श्रीमती सूरी ने नगर के प्रमुख मंदिरों का किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, प्रकाश एवं सुगम आवागमन व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश








कटनी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। पर्व के दौरान मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम द्वारा स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, आवागमन सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 03 सितंबर को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शहर के प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण कर जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

महापौर श्रीमती सूरी ने सत्यनारायण मंदिर, श्री गोविंद देव मंदिर तथा श्री महालक्ष्मी मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली तथा मौके पर आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। मंदिर परिसरों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहती है। ऐसे में मंदिर परिसरों के साथ-साथ आने-जाने वाले मार्गों पर भी स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

मंदिरों तक पहुंचने वाले मार्गों का भी किया निरीक्षण

महापौर श्रीमती सूरी ने मंदिरों तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्गों की स्थिति का जायजा लेते हुए सड़क पर मौजूद गड्ढों की आवश्यक मरम्मत समय रहते पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों तक पहुंचेंगे, ऐसे में आवागमन वाले मार्ग सुगम एवं सुरक्षित होना आवश्यक है। उन्होंने सभी चिन्हित गड्ढों की मरम्मत प्राथमिकता के साथ कराने तथा पर्व से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।

प्रकाश एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

महापौर ने मंदिरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि रात्रि के समय श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पर्व के दौरान व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे और जिन स्थानों पर अतिरिक्त व्यवस्था की आवश्यकता है, वहां समय रहते आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर ली जाए।

पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुगम रखने अतिक्रमण दस्ता रहे सतर्क

जन्माष्टमी पर्व के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए महापौर श्रीमती सूरी ने अतिक्रमण दस्ते को विशेष रूप से सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिरों के आसपास एवं प्रमुख आवागमन मार्गों पर किए गए अस्थाई अतिक्रमणों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाने तथा मार्गों को आवागमन के लिए सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए।साथ ही पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित अमले को निरंतर निगरानी रखने हेतु भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि केवल निरीक्षण तक सीमित न रहते हुए मौके पर चिन्हित आवश्यकताओं का तत्काल निराकरण किया जाए तथा पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

आस्था के पर्व को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने निगम की तैयारी*

महापौर श्रीमती सूरी ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शहरवासियों की आस्था और श्रद्धा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। नगर निगम का दायित्व है कि पर्व के दौरान मंदिरों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसी उद्देश्य से निगम द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन का प्रयास रहेगा कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकें तथा जन्माष्टमी पर्व शहर में उत्साह, श्रद्धा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य बीना बैनर्जी, उपायुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, पूर्व पार्षद विजय डब्बू रजक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, मोना करेरा, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, उपयंत्री जे.पी. सिंह बघेल, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

दो दिवसीय कंपोजिट वर्कशॉप का सफलतापूर्वक का आयोजन

दो दिवसीय कंपोजिट वर्कशॉप का सफलतापूर्वक का आयोजन 





भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय एवं विश्व बैंक समर्थित RAMP योजना अंतर्गत दो दिवसीय कंपोजिट वर्कशॉप का आयोजन लघु उद्योग भारती के द्वारा सफलतापूर्वक किया गया है।इस 2 दिन से कार्यशाला में प्रथम दिवस, जिला पंचायत CEO हरसिमरनप्रीत कौर (मुख्य अतिथि), जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र महाप्रबंधक ज्योति सिंह के द्वारा दीप प्रज्वल कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री के 2047 लक्ष्य को साकार करने के लिए भारत में उद्यमिता विकास हो इस हेतू कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें अधिक से अधिक महिला उद्यमी तैयार हो एवं स्वरोजगार को बढ़ावा दे। 

कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत कार्यालय के मीटिंग हॉल में, 1 एवं 2 सितंबर किया गया। 

 प्रथम दिवस

स्वा-सहायता समूह एवं उद्यमीयो को कार्यशाला में ZED सर्टिफिकेशन , ESG एवं RECP अवेयरनेस, SHG फॉर्मलाइजेशन एवं उद्यमिता विकास, GI अवेयरनेस, TEAM इनिशिएटिव एवं ONDC परिचय एवं शासन की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई गई। द्वितीय दिवस कार्यशाला का प्रारंभ विशिष्ट अतिथि सत्येंद्र सिंह राठौड़ अध्यक्ष लघु उद्योग निगम भोपाल, अनिल वासवानी, अध्यक्ष लघु उद्योग भारती (महाकौशल आंचल), हरि सिंह भदौरिया, मुरलीधर रत्नानी एवं अन्य सदस्य की उपस्थिति में दीप प्रज्वल कर किया गया। कार्यालय के प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि अभिनव विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक कटनी, के द्वारा "साइबर जागरूकता 2.0" को लेकर के उद्यमीयो स्वा-सहायत समूह एवं ITI छात्रों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही न्यू स्टार्टअप पॉलिसी पर अनामिका जैन मैनेजर DIC, MSME फाइनेंशियल अवेयरनेस जीत जी DIC, ऋण वित्तीय योजना एवं बैंकिंग सहायता, RAMP कार्यशाला, विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा उद्यमशीलता कैसे बढ़ाया जाए इसकी जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सतेंद्र सिंह राठौर के द्वारा उद्यमियों एवं बच्चों को अपने उद्बोधन मे किस प्रकार से अपने आसपास के क्षेत्र के उत्पाद को बढ़ते हुए स्वरोजगार की ओर बढ़ा जा सकता है, एवं स्वावलंबन को बढ़ावा दिया जा सकता है। और आज के परिपेक्ष के विपरीत नौकरी छोड़ नौकरी देने वाला कैसे बना जा सकता है। कार्यशाला का समापन मुख्य अतिथि अशोक विश्वकर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष के द्वारा किया गया अपने उद्बोधन में विभिन्न पंचायत एवं ITI से आए बच्चों एवं उद्यमियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रशासन एवं लघु उद्योग भारती को धन्यवाद करते हुए, इस तरह का आयोजन हर विकासखंड में हो और कटनी जिला स्वरोजगार एवं स्वावलंबन की ओर अग्रणी हो। कार्यशाला का संचालन अमित सिंघई, निलेश विश्वकर्मा, के द्वारा किया गया। महिला इकाई से प्रिया सोनी जी, श्वेता सिंघई ,रश्मि जैन, आकांक्षा केसरी, अपर्णा गौर, पुरुष इकाई से राजकुमार असरानी, रॉकी राजपलानी, ईशान जैन, राहुल जैन, प्रभांशु वैश्य, एवं विभिन्न संगठन के उद्यमी एवं शासकीय पदाधिकारी की उपस्थिति रही।

Wednesday, September 2, 2026

जनसमस्याओं के समाधान को लेकर महापौर श्रीमती ने किया मैदानी निरीक्षण,रामकृष्ण परमहंस वार्ड के निर्मल धाम एवं मंगल नगर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर नागरिकों से किया सीधा संवाद, जल निकासी एवं आवागमन की समस्याओं के निराकरण हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश

 जनसमस्याओं के समाधान को लेकर महापौर श्रीमती ने किया मैदानी निरीक्षण,रामकृष्ण परमहंस वार्ड के निर्मल धाम एवं मंगल नगर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर नागरिकों से किया सीधा संवाद, जल निकासी एवं आवागमन की समस्याओं के निराकरण हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश


कटनी।-नगर में जल निकासी एवं सुगम आवागमन से जुड़ी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने मंगलवार को रामकृष्ण परमहंस वार्ड, निर्मल धाम सहित मंगल नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया। महापौर ने विभिन्न क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया तथा नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं परेशानियों की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान नागरिकों द्वारा जल निकासी, मार्गों पर आवागमन एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से महापौर को अवगत कराया गया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ तत्काल वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो और व्यवस्था सुचारु बनी रहे। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा मौके की वास्तविक स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी रखने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद शकुंतला सोनी सहित संबंधित उपयंत्री एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी रही।




सतना में किसान ऊर्जा के समृद्धि कार्यक्रम, उन्नत खेती से आय में 25 फीसदी तक बढ़ोतरी सितपुर और बरैसधिया में आयोजित हुए किसान कैंप, आधुनिक कृषि तकनीकों और पराली प्रबंधन पर दिया गया प्रशिक्षण

  सतना में किसान ऊर्जा के समृद्धि कार्यक्रम, उन्नत खेती से आय में 25 फीसदी तक बढ़ोतरी सितपुर और बरैसधिया में आयोजित हुए किसान कैंप, आधुनिक ...