Thursday, June 25, 2026

कटनी को पासपोर्ट सेवा केंद्र कब,दिव्यांशु (अंशु) मिश्रा की याचिका पर हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को घेरा,कटनी के लाखों लोगों की सुविधा का मामला एक सप्ताह में जवाब तलब

कटनी को पासपोर्ट सेवा केंद्र कब,दिव्यांशु (अंशु) मिश्रा की याचिका पर हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को घेरा,कटनी के लाखों लोगों की सुविधा का मामला एक सप्ताह में जवाब तलब



कटनी।। जिले में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) स्थापित करने की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने गंभीर रुख अपनाया है। सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ ने केंद्र सरकार को निर्देश दिए हैं कि मामले में एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जवाब प्रस्तुत किया जाए। जनहित याचिका (WP 24323/2025) कटनी के समाजसेवी दिव्यांशु (अंशु) मिश्रा की ओर से अधिवक्ता योगेश सोनी एवं आर्यन उरमलिया के माध्यम से दायर की गई है। याचिका में कहा गया है कि कटनी प्रदेश का महत्वपूर्ण औद्योगिक, खनिज और व्यापारिक जिला होने के साथ-साथ देश का प्रमुख रेलवे जंक्शन भी है, लेकिन अब तक यहां पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित नहीं किया गया। याचिका के अनुसार, वर्तमान में पासपोर्ट से जुड़े कार्यों के लिए कटनी के नागरिकों को जबलपुर, सतना या अन्य जिलों तक जाना पड़ता है। इससे समय, धन और अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि कटनी में पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित होता है, तो इसका सीधा लाभ छात्र-छात्राओं को,विदेश में रोजगार की तैयारी कर रहे युवाओं को,वरिष्ठ नागरिकों को, महिलाओं को,आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मिल सकता है।

सांसद ने भी उठाई थी मांग

याचिका में यह भी बताया गया कि पूर्व में केंद्र सरकार को इस संबंध में अभ्यावेदन भेजे गए थे तथा क्षेत्रीय सांसद द्वारा भी विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर मांग रखी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने स्पष्ट संकेत दिए कि मामले में अनावश्यक विलंब उचित नहीं माना जाएगा और निर्धारित समय में जवाब दाखिल किया जाए। अब अगली सुनवाई केंद्र सरकार के जवाब के बाद होगी। याचिकाकर्ता दिव्यांशु मिश्रा (अंशु) का कहना है कि तेजी से विकसित हो रहे कटनी जिले में पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित होना समय की आवश्यकता है और इससे लाखों नागरिकों को सुविधा मिलेगी।



Wednesday, June 24, 2026

मोहर्रम पर्व की व्यवस्थाओं को लेकर महापौर श्रीमती सूरी ने किया स्थलीय निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुविधा एवं समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

मोहर्रम पर्व की व्यवस्थाओं को लेकर महापौर श्रीमती सूरी ने किया स्थलीय निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश


कटनी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति सूरी ने मंगलवार सायंकाल मेयर इन काउंसिल सदस्यों एवं निगम अधिकारियों के साथ मदन मोहन चौबे वार्ड एवं गाटर घाट स्थित कर्बला शरीफ पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पर्व के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि मोहर्रम पर्व नगर की सांस्कृतिक एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में नगर निगम की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विशेष साफ-सफाई अभियान,पर्याप्त पेयजल व्यवस्था, सुगम आवागमन,निर्बाध विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका त्वरित निराकरण किया जाए, ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।उन्होंने अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी सहयोग एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, जिससे मोहर्रम पर्व पूरी श्रद्धा, आस्था, भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य साहित निगम के संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



Tuesday, June 23, 2026

महापौर की मौजूदगी में संत कंवरराम वार्ड, बंगाली कॉलोनी में सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का हुआ भूमिपूजन संपन्न लगभग 45 लाख रुपये की लागत से होंगे विकास कार्य, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बेहतर आवागमन एवं जल निकासी की सुविधा

महापौर की मौजूदगी में संत कंवरराम वार्ड, बंगाली कॉलोनी में सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का हुआ भूमिपूजन संपन्न

लगभग 45 लाख रुपये की लागत से होंगे विकास कार्य, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बेहतर आवागमन एवं जल निकासी की सुविधा



कटनी।। नगर के संतकवर राम वार्ड अंतर्गत बंगाली कॉलोनी में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा स्वीकृत सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं स्थानीय पार्षद गोविंद चावला की विशेष मौजूदगी में किया गया। नगर विकास की इस सौगात के कार्यक्रम के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू,पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चमनलाल आनंद, पूर्व पार्षद राजकुमार माखीजा महेश होतवानी, मंडल महामंत्री सतीश मोटवानी,समाजसेवी मोहनलाल नागवानी, सोनल आडवाणी,खुख्खू राय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की काफी संख्या में गरिमामई मौजूदगी रही। भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमहापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में नागरिक सुविधाओं के विकास हेतु नगर निगम प्रतिबद्ध है। सड़क एवं नाली जैसी मूलभूत सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होती हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से बंगाली कॉलोनी के रहवासियों को बेहतर आवागमन के साथ-साथ जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलेगी। महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम द्वारा वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार अधोसंरचनात्मक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है 

भूमिपूजन के तहत संतकवर राम वार्ड स्थित बंगाली कॉलोनी में प्रीति इलेक्ट्रॉनिक्स से माता मंदिर होते हुए सामुदायिक भवन तक 28.66 लाख रुपये की लागत से सी.सी. रोड निर्माण कार्य तथा 16.06 लाख रुपये की लागत से सी.सी. नाली निर्माण कार्य कराया जाएगा। दोनों कार्यों पर कुल लगभग 44.72 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।

क्षेत्रीय पार्षद गोविंद चावला ने बताया कि लंबे समय से अपेक्षित इन निर्माण कार्यों के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होगा तथा वर्षाकाल के दौरान जलभराव और गंदे पानी की निकासी संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में  निगम के अधिकारी-कर्मचारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि  एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन क्षेत्र के सर्वांगीण विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार के संकल्प के साथ हुआ।

Monday, June 22, 2026

एक के बाद एक वारदातें कट्टा दिखाकर धमकी का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा, अब बाईपास पर गाड़ी रोककर चाकुओं से हमला वारदातों से उठे बड़े सवाल क्या अपराधियों को आसान लगने लगा है शहर का माहौल

एक के बाद एक वारदातें कट्टा दिखाकर धमकी का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा, अब बाईपास पर गाड़ी रोककर चाकुओं से हमला

वारदातों से उठे बड़े सवाल क्या अपराधियों को आसान लगने लगा है शहर का माहौल


कटनी। शहर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने आम नागरिकों के बीच सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है। देर रात शराब दुकान पर हथियार दिखाकर धमकी देने की घटना की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि अब जबलपुर–कटनी बाईपास पर वाहन रोककर चाकू से हमला किए जाने की वारदात ने लोगों को फिर सोचने पर मजबूर कर दिया है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद शहर में चर्चा तेज होने लगी है कि आखिर क्यों सार्वजनिक स्थानों और मुख्य मार्गों पर भी इस तरह की घटनाएं सामने आने लगी हैं।

शनिवार देर रात स्टेशन क्षेत्र स्थित शराब दुकान पर कथित तौर पर हथियार दिखाकर धमकी देने का मामला सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसी बीच कुछ ही घंटों बाद जबलपुर–कटनी बाईपास पर एक और गंभीर वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार वाहन चालक शैलेश कुमार यादव को रास्ते में रोककर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

बाईपास पर गाड़ी रोककर किया जानलेवा हमला

शनिवार–रविवार की दरमियानी रात जबलपुर–कटनी बाईपास रोड पर एक गंभीर वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्राम नगला राधे, थाना नसीरपुर, जिला फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) निवासी शैलेश कुमार यादव, जो वर्तमान में कटनी के गुलवारा क्षेत्र में निवासरत हैं, रात लगभग 10:50 बजे अपने वाहन से बाईपास मार्ग से गुजर रहे थे।बताया गया कि जैसे ही वे माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखापतेरी स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी अज्ञात व्यक्तियों ने अपनी गाड़ियां उनके वाहन के आगे लगाकर रास्ता रोक लिया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार इसके बाद आरोपियों ने वाहन चालक पर हमला कर दिया। घायल चालक के अनुसार हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर हमला किया, जिससे उनके पैर और कमर में गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार जारी है।

माधवनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तड़के सुबह अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 324(6) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और मार्ग के फुटेज की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। वहीं दूसरी ओर, शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल स्टेशन चौराहे स्थित शराब दुकान पर वायरल हुए वीडियो ने भी लोगों के बीच असुरक्षा की भावना को बढ़ाया है। वीडियो में एक युवक कथित तौर पर हथियार लेकर कर्मचारी को धमकाता दिखाई दे रहा है। 

दोनों घटनाएं अलग-अलग थाना क्षेत्रों से जुड़ी हैं, लेकिन इनका एक समान पहलू है—खुलेआम दबंगई और सार्वजनिक स्थानों पर अपराध करने का बढ़ता साहस। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है और आधिकारिक निष्कर्ष का इंतजार है।

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद शहर में चर्चा इस बात की भी होने लगी है कि क्या कटनी ऐसा वातावरण बनता जा रहा है जहां अपराध करने वालों को जोखिम कम महसूस होने लगा है। यह कहना जल्दबाजी होगा कि शहर अपराधियों के लिए सेफ जोन बन चुका है, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं ने इतना जरूर संकेत दिया है कि लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए केवल अपराध दर्ज करना पर्याप्त नहीं होगा। 


Sunday, June 21, 2026

कट्टा, धमकी और वायरल वीडियो स्टेशन क्षेत्र की घटना ने फिर छेड़ी सुरक्षा बहस स्टेशन क्षेत्र की शराब दुकान पर हथियार के साथ हंगामा

कट्टा, धमकी और वायरल वीडियो स्टेशन क्षेत्र की घटना ने फिर छेड़ी सुरक्षा बहस
स्टेशन क्षेत्र की शराब दुकान पर हथियार के साथ हंगामा

कटनी। शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल स्टेशन चौराहे स्थित शराब दुकान पर शनिवार देर रात सामने आई घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक युवक कथित तौर पर हाथ में देशी कट्टा लिए शराब दुकान पर पहुंचता दिखाई दे रहा है और वहां मौजूद कर्मचारी को धमकाता नजर आ रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि शराब दुकान कर्मचारी महेंद्र सिंह और गोलू नामक युवक के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के कारण पूर्व में भी शहर के अन्य क्षेत्र में विवाद और हंगामे की स्थिति बन चुकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस बार मामला केवल बहस तक सीमित नहीं रहा बल्कि खुलेआम हथियार लहराकर धमकी देने जैसी गंभीर स्थिति सामने आई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान व तथ्य जुटाने की कार्रवाई की जा रही है।

हाल के समय में शहर में अलग-अलग प्रकार की घटनाएं—मारपीट, चाकूबाजी, चोरी, अवैध गतिविधियों और सार्वजनिक स्थानों पर दबंगई को लेकर लोगों के बीच चर्चा बढ़ी है। हालांकि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए आधिकारिक अपराध आंकड़े महत्वपूर्ण होते हैं, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाओं ने नागरिकों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ाई है। कटनी लंबे समय से अपेक्षाकृत शांत और सामाजिक संतुलन वाले शहर के रूप में पहचाना जाता रहा है। ऐसे में रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्र के पास इस तरह की घटना का सामने आना केवल एक आपराधिक प्रकरण नहीं बल्कि सार्वजनिक विश्वास से जुड़ा विषय भी माना जा रहा है। पहले जहां आपराधिक घटनाएं अक्सर सुनसान इलाकों तक सीमित मानी जाती थीं, वहीं अब यदि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी ऐसे मामले सामने आते हैं तो यह सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों के मनोविज्ञान—दोनों पर चर्चा की मांग करता है। पुलिस केवल घटना की जांच तक सीमित न रहे बल्कि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी, गश्त और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था को भी मजबूत करे ताकि शहर में भय नहीं बल्कि भरोसे का माहौल बना रहे। पुलिस जांच के बाद ही तथ्यों की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होगी।

सतना में किसान ऊर्जा के समृद्धि कार्यक्रम, उन्नत खेती से आय में 25 फीसदी तक बढ़ोतरी सितपुर और बरैसधिया में आयोजित हुए किसान कैंप, आधुनिक कृषि तकनीकों और पराली प्रबंधन पर दिया गया प्रशिक्षण

  सतना में किसान ऊर्जा के समृद्धि कार्यक्रम, उन्नत खेती से आय में 25 फीसदी तक बढ़ोतरी सितपुर और बरैसधिया में आयोजित हुए किसान कैंप, आधुनिक ...