प्रेमिका को महंगा मोबाइल दिलाने के लिए युवक बना ट्रैक्टर चोर
कटनी।। कुठला पुलिस ने चोरी हुए ट्रैक्टर मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 4.5 लाख रुपये कीमत का सोनालिका ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की महंगे मोबाइल फोन की मांग पूरी करने के लिए ट्रैक्टर चोरी किया था।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गए ट्रैक्टर को बरामद कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवनीत गुप्ता पिता चन्द्रभान गुप्ता, उम्र 45 वर्ष, निवासी कैलवारा फाटक रामनगर, हाल निवासी पहरुआ गुप्ता कृषि यंत्र, खेरमाई के सामने, थाना कुठला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान के सामने खड़ा पुराना सोनालिका ट्रैक्टर क्रमांक MP34A1943 (हाईड्रा सहित) अज्ञात व्यक्ति द्वारा 14 जुलाई 2026 की रात चोरी कर लिया गया। ट्रैक्टर की कीमत लगभग 4.5 लाख रुपये बताई गई। रिपोर्ट के आधार पर थाना कुठला में अपराध क्रमांक 604/26 के तहत धारा 305(b) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अखलेश दाहिया ने तत्काल पुलिस टीम गठित की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा घटनास्थल और संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने प्रिंस सिंह सोमवंशी पिता दिनेश सिंह सोमवंशी, उम्र 20 वर्ष, निवासी समोघर, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी गर्लफ्रेंड ने लगभग 50 हजार रुपये का मोबाइल फोन दिलाने की मांग की थी। इस मांग को पूरा करने के लिए उसने ट्रैक्टर चोरी की योजना बनाई। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया ट्रैक्टर सोनालिका एजेंसी के पास, मैहर क्षेत्र से बरामद किया। वाहन की पहचान वाहन स्वामी एवं साक्षियों द्वारा कराई गई, जिसके बाद ट्रैक्टर को विधिवत जप्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

No comments:
Post a Comment