मूंग उत्पादक किसानों को बड़ी राहत, अब मूंग उपार्जन हेतु स्लॉट बुकिंग 10 अगस्त तक, खरीदी 20 अगस्त तक होगी
समर्थन मूल्य पर अब उत्पादन का 60 प्रतिशत तक होगा उपार्जन, शासन ने बढ़ाई खरीदी सीमा
कटनी।। मूंग उत्पादक किसानों के हित में राज्य शासन ने एक महत्वपूर्ण और किसान हितैषी निर्णय लिया है। समर्थन मूल्य पर मूंग उपार्जन की नीति में संशोधन करते हुए अब किसानों की कुल उत्पादित मूंग का 60 प्रतिशत तक समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया जाएगा। इससे पहले यह सीमा केवल 25 प्रतिशत निर्धारित थी। शासन के इस फैसले से किसानों को अपनी अधिक उपज का उचित मूल्य प्राप्त होगा और उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए शासन ने स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 30 जुलाई से बढ़ाकर 10 अगस्त 2026 कर दी है। वहीं, मूंग एवं उड़द उपार्जन की अंतिम तिथि भी 10 अगस्त से बढ़ाकर 20 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इस निर्णय से ऐसे किसानों को भी राहत मिलेगी, जो अब तक स्लॉट बुक नहीं करा पाए थे।
अधिक उपज बिकेगी, मिलेगा बेहतर आर्थिक लाभ
राज्य शासन के किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार, किसानों को अब अपनी उपज का बड़ा हिस्सा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर विक्रय करने का अवसर मिलेगा। इससे खुले बाजार में कम कीमत पर फसल बेचने की मजबूरी कम होगी और किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल प्राप्त होगा। विशेष रूप से इस वर्ष अच्छी पैदावार लेने वाले किसानों के लिए यह निर्णय बेहद लाभकारी माना जा रहा है।
समय-सीमा बढ़ने से बढ़ेगी किसानों की सुविधा
स्लॉट बुकिंग और उपार्जन अवधि में 10-10 दिन की वृद्धि से हजारों किसानों को राहत मिलेगी। अब किसान बिना किसी जल्दबाजी के निर्धारित समय के भीतर स्लॉट बुक कर अपनी उपज का समर्थन मूल्य पर विक्रय सुनिश्चित कर सकेंगे। इससे उपार्जन केंद्रों पर भी बेहतर प्रबंधन और किसानों को अधिक सुविधा मिलने की संभावना है।
ई-उपार्जन पोर्टल पर होंगे आवश्यक बदलाव
शासन ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित व्यवस्था के अनुरूप ई-उपार्जन पोर्टल पर आवश्यक तकनीकी प्रावधान शीघ्र सुनिश्चित किए जाएं, ताकि स्लॉट बुकिंग एवं उपार्जन की प्रक्रिया निर्बाध और सुचारु रूप से संचालित हो सके। उपार्जन नीति के अन्य सभी प्रावधान पूर्ववत लागू रहेंगे।
राज्य शासन ने किसानों से अपील की है कि वे 10 अगस्त 2026 तक स्लॉट बुकिंग अवश्य कराएं तथा 20 अगस्त 2026 तक अपनी मूंग एवं उड़द की उपज समर्थन मूल्य पर विक्रय कर शासन की इस किसान हितैषी व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

No comments:
Post a Comment