फॉरेस्ट कार्यालय में आयोजित आपदा मित्र प्रशिक्षण में अग्नि सुरक्षा एवं बचाव के सिखाए गए गुर
अग्निशमन विभाग ने फायर एक्सटिंग्विशर, होज पाइप के उपयोग एवं अग्नि दुर्घटना के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों का कराया प्रायोगिक प्रदर्शन
कटनी। जिला कटनी में आपदा प्रबंधन क्षमता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित आपदा मित्र योजना के अंतर्गत बुधवार को वन विभाग के डीएफओ कार्यालय परिसर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यालय डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड, जिला कटनी (मध्यप्रदेश) एवं अग्निशमन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को अग्नि दुर्घटना की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के विशेषज्ञों ने आग लगने की विभिन्न परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने की तकनीकों से अवगत कराया। प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि अग्निकांड की स्थिति में घायलों को किस प्रकार सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए, घटनास्थल पर बचाव कार्य कैसे संचालित किया जाए तथा जन-धन की हानि को न्यूनतम करने के लिए किन सावधानियों का पालन आवश्यक है।
इस अवसर पर फायर एक्सटिंग्विशर एवं होज पाइप के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग का प्रायोगिक प्रदर्शन भी कराया गया। प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न प्रकार की आग के अनुसार उपयुक्त अग्निशमन उपकरणों के चयन एवं संचालन की विधि समझाई गई, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में वे त्वरित एवं दक्षतापूर्वक कार्य कर सकें।
प्रशिक्षण में अग्नि सुरक्षा के मानकों, प्राथमिक प्रतिक्रिया, व्यक्तिगत सुरक्षा उपायों तथा आपदा के समय समन्वित कार्यप्रणाली पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों से अभ्यास कराते हुए उन्हें वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्यों की बारीकियों से परिचित कराया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा मित्रों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें किसी भी अग्नि आपदा अथवा आपात स्थिति में प्रभावी, सुरक्षित एवं त्वरित राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए सक्षम बनाना रहा। प्रशिक्षणार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ प्रायोगिक अभ्यास में भाग लेकर आवश्यक तकनीकी जानकारियां प्राप्त की।


No comments:
Post a Comment