Saturday, July 18, 2026

कन्या छात्रावास में बिगड़ी छात्राओं की तबीयत, फूड पॉइजनिंग या दूषित पानी बिजली गुल रहने से डिहाइड्रेशन की भी आशंका पेट दर्द, चक्कर, सीने में दर्द और घबराहट के बाद 7 छात्राएं व एक शिक्षक जिला अस्पताल में भर्ती, एक छात्रा आईसीयू में प्रशासन ने शुरू की जांच

कन्या छात्रावास में बिगड़ी छात्राओं की तबीयत, फूड पॉइजनिंग या दूषित पानी बिजली गुल रहने से डिहाइड्रेशन की भी आशंका

पेट दर्द, चक्कर, सीने में दर्द और घबराहट के बाद 7 छात्राएं व एक शिक्षक जिला अस्पताल में भर्ती, एक छात्रा आईसीयू में प्रशासन ने शुरू की जांच


कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र अंतर्गत सरस्वाही स्थित शासकीय कन्या शिक्षा परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छात्रावास में रहने वाली सात छात्राओं सहित एक शिक्षक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। छात्राओं को पेट दर्द, चक्कर, घबराहट और सीने में दर्द की शिकायत होने लगी, जिसके बाद छात्रावास प्रबंधन ने तत्काल सभी को शासकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सभी का उपचार जारी है, जबकि एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्राओं ने सुबह छात्रावास में नियमित रूप से नाश्ता किया था। इसके बाद दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच एक-एक कर कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होती देख छात्रावास प्रबंधन ने तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में भर्ती छात्राओं में पुष्पांजलि (16 वर्ष), खुशबू (16 वर्ष), शबनम (11 वर्ष), पायल सिंह (14 वर्ष), खुशबू (15 वर्ष), प्रांजल (14 वर्ष) और दिव्या (14 वर्ष) शामिल हैं। आधा दर्जन से अधिक अन्य छात्राएं तथा एक शिक्षक भी प्रभावित बताए जा रहे हैं। इनमें से एक छात्रा को सांस लेने में तकलीफ होने पर जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य छात्राओं का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।

शासकीय जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राजीव द्विवेदी ने बताया कि छात्राओं को फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते अस्पताल लाया गया है। प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर निगरानी में रखा गया है। उन्होंने बताया कि छात्रावास में पिछले तीन दिनों से गंदा पानी आने की जानकारी भी सामने आई है। ऐसे में दूषित पानी के कारण यह स्थिति उत्पन्न होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इधर, घटना से जुड़ी एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि छात्रावास में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित थी। लगातार बिजली नहीं रहने के कारण छात्राओं को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा, जिससे कई छात्राओं में डिहाइड्रेशन निर्जलीकरण की स्थिति बनने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि बीमारी का वास्तविक कारण चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रावास में भोजन और पेयजल की गुणवत्ता के साथ-साथ बिजली व्यवस्था की भी जांच की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल सभी छात्राओं का जिला अस्पताल में उपचार जारी है और चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी है।






No comments:

Post a Comment

सतना में किसान ऊर्जा के समृद्धि कार्यक्रम, उन्नत खेती से आय में 25 फीसदी तक बढ़ोतरी सितपुर और बरैसधिया में आयोजित हुए किसान कैंप, आधुनिक कृषि तकनीकों और पराली प्रबंधन पर दिया गया प्रशिक्षण

  सतना में किसान ऊर्जा के समृद्धि कार्यक्रम, उन्नत खेती से आय में 25 फीसदी तक बढ़ोतरी सितपुर और बरैसधिया में आयोजित हुए किसान कैंप, आधुनिक ...