जाकिर हुसैन वार्ड में 1.33 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, सड़क-नाली सहित कई निर्माण होंगे
कटनी।। नगर निगम कटनी ने वार्ड क्रमांक 38 जाकिर हुसैन वार्ड में करीब 1 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी और क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती रेखा संजय तिवारी ने विधिवत भूमिपूजन कर कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान लगभग 93.85 लाख रुपये की लागत से गौरीशंकर मंदिर के समीप सड़क एवं नाली निर्माण, 13 लाख रुपये से आंगनबाड़ी भवन, 5.25 लाख रुपये से रंगमंच, मुक्तिधाम एवं सामुदायिक भवन परिसर में बाउंड्रीवाल और गेट निर्माण तथा खंपरिया मोहल्ला में 8.52 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण सहित कई विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कर नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और एक पेड़ माँ के नाम अभियान से जुड़कर पौधरोपण करने का भी आह्वान किया। क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती रेखा संजय तिवारी ने वार्डवासियों की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करने के लिए महापौर एवं नगर निगम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।


No comments:
Post a Comment