महापौर प्रीति सूरी ने विकास को दी नई रफ्तार, 76.50 लाख के जनहितकारी कार्यों का शुभारंभ
श्री रामजानकीहनुमान और शिवाजी वार्ड में सड़क, सामुदायिक भवन व आंगनवाड़ी निर्माण की रखी आधारशिला, नागरिकों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
कटनी। नगर निगम शहर के समग्र एवं संतुलित विकास की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। इसी क्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने श्री रामजानकी हनुमान वार्ड क्रमांक 18 एवं शिवाजी वार्ड में लगभग 76.50 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन कर उन्हें जनसेवा को समर्पित किया। जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में विकास के नए अध्याय की शुरुआत हुई।
महापौर ने श्री रामजानकीहनुमान वार्ड में लगभग 14.11 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन तथा 13 लाख रुपये की लागत से आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। वहीं शिवाजी वार्ड की राधा रम्यानी कॉलोनी में लगभग 49.39 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सी.सी. सड़क की आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क, सुरक्षित आवागमन, आधुनिक सामुदायिक भवन और बच्चों एवं महिलाओं के लिए सुविधायुक्त आंगनवाड़ी भवन का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक वार्ड को मूलभूत सुविधाओं से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा रहा है और शहर के हर वार्ड को योजनाबद्ध तरीके से आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। नगर निगम नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रहा है।
क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती रागिनी मनोज गुप्ता एवं श्रीमती प्रभा गुप्ता ने महापौर एवं नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी और नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। कार्यक्रम में मेयर-इन-काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष शिब्बू साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद सीमा श्रीवास्तव, मनोज गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment