ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सीवरेज, आउटसोर्स कर्मचारियों और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई प्रस्तावों पर हुए महत्वपूर्ण निर्णय
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में मंगलवार को मेयर-इन-काउंसिल की बैठक आयोजित हुई। दोपहर 3 बजे से आयोजित बैठक में नगर विकास, स्वच्छता, जलप्रदाय, सीवरेज, आवास, मानव संसाधन एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रावधानों के अनुरूप थोक अपशिष्ट उत्पादकों के चिन्हांकन, उनके कर्तव्यों तथा केंद्रीय पोर्टल पर पंजीयन कराए जाने के संबंध में चर्चा की गई। प्रसंस्करण प्लांट में एकत्रित पुराने कचरे के प्रसंस्करण कार्य के लिए निविदा संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
नगर की विभिन्न सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए आउटसोर्स श्रमिकों की स्वीकृति तथा विद्युत, जलप्रदाय, कर्मशाला एवं अतिक्रमण शाखा में पूर्व से कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की स्वीकृति अवधि बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। अतिक्रमण शाखा के लिए 31 अगस्त तक कर्मचारियों की स्वीकृति प्रदान की गई।
कटनी नदी और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर भी बैठक में चर्चा हुई। गाटर घाट, मोहन घाट एवं मसूरहा घाट से मिलने वाले नालों तथा कटनी नदी के समीप क्षेत्रों से निकलने वाले अपशिष्ट जल के इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन, प्रस्तावित ट्रीटमेंट यूनिट तथा उपचारित सीवरेज के पुनर्चक्रण से संबंधित शेष कार्य के भुगतान के लिए पूर्व स्वीकृत राशि के अतिरिक्त 18 प्रतिशत जीएसटी की राशि 17.80 लाख रुपये की स्वीकृति सर्वसम्मति से दी गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के 103 हितग्राहियों की सूची मंजूर
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत गठित दल द्वारा आवेदनों के परीक्षण एवं सत्यापन के बाद एएचपी घटक के तहत प्रस्तुत 103 हितग्राहियों की सूची का अनुमोदन भी मेयर-इन-काउंसिल के सदस्यों ने किया। वहीं विभिन्न वार्डों के मार्गों एवं चौराहों के नामकरण से संबंधित प्रस्ताव पर संपूर्ण जानकारी के साथ प्रकरण आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
प्रमोटर स्कीम के अंतर्गत कटनी रेलवे स्टेशन के पास स्थित विश्राम गृह क्रमांक-2 के स्थान पर वाणिज्यिक केंद्र निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने प्रकरण पर विचार-विमर्श के बाद इसे स्वीकृति के लिए निगम परिषद के सम्मिलन के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निगम स्कूलों में 12 शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी
नगर निगम द्वारा संचालित विद्यालयों में शिक्षक एवं सहायक उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव पर भी बैठक में विचार किया गया। प्राचार्यों के मांग पत्र के आधार पर केसीएस स्कूल में 7, साधूराम स्कूल में 3 तथा ए. रविन्द्रराव स्कूल में 2 शिक्षकों को रखे जाने की स्वीकृति सर्वसम्मति से प्रदान की गई। इस निर्णय से निगम के विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। बैठक में मेयर-इन-काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष शिब्बू साहू, सुरेंद्र गुप्ता, जयनारायण निषाद, उमेंद्र अहिरवार, सुमन राजू माखीजा सहित नगर निगम उपायुक्त शैलेश गुप्ता एवं प्रियंका झारिया उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, आदेश जैन, मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं निगम के तीनों स्कूलों के प्राचार्य मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment