शासकीय आईटीआई कटनी में कल 4 अगस्त को हीरो मोटोकॉर्प का मेगा कैंपस प्लेसमेंट
देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी में रोजगार का सुनहरा अवसर, अप्रेंटिस एवं एफटीई पदों पर होगा चयन
18 से 26 वर्ष के पात्र युवक-युवतियां ले सकेंगे भाग, चयनित अभ्यर्थियों को आकर्षक वेतन के साथ मिलेंगी कई सुविधाएं
कटनी।। जिले के युवाओं को प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) कटनी में कल 04 अगस्त 2026 (मंगलवार) को प्रातः 10 बजे देश की अग्रणी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड, नीमराना (राजस्थान) द्वारा मेगा कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएगी। इस प्लेसमेंट के माध्यम से योग्य युवाओं को देश की प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी में रोजगार का सुनहरा अवसर मिलेगा। नोडल प्राचार्य देवेश कुमार मिश्रा ने बताया कि कैंपस चयन प्रक्रिया के तहत अप्रेंटिस एवं फिक्स्ड टर्म एम्प्लॉयमेंट (एफटीई) पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों की पदस्थापना हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड के नीमराना प्लांट, जिला अलवर (राजस्थान) में होगी, जहां उन्हें आधुनिक औद्योगिक वातावरण में कार्य करने, कौशल निखारने तथा उज्ज्वल करियर बनाने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि इस प्लेसमेंट में 10वीं उत्तीर्ण तथा एनसीवीटी,एससीवीटी से आईटीआई उत्तीर्ण अथवा अंतिम वर्ष के ऐसे अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं, जिनका उत्तीर्ण वर्ष 2020 से 2025 के बीच है या जो वर्ष 2026 के अंतिम वर्ष के विद्यार्थी हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 26 वर्ष निर्धारित की गई है। पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी पात्र होंगे। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न इंजीनियरिंग ट्रेड तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए सभी आईटीआई ट्रेड के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।चयनित अभ्यर्थियों को अप्रेंटिस पद के लिए 16,300 रूपए प्रतिमाह तथा एफटीई पद के लिए 16,600 रूपए प्रतिमाह स्टाइपेंड,वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा दो सेट यूनिफॉर्म, सेफ्टी शूज़, सब्सिडी दर पर कैंटीन सुविधा तथा कंपनी के नियमानुसार अन्य आकर्षक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
नोडल प्राचार्य देवेश कुमार मिश्रा ने जिले के सभी पात्र युवक-युवतियों से अपील की है कि वे इस सुनहरे रोजगार अवसर का लाभ उठाने के लिए 04 अगस्त को प्रातः 10 बजे शासकीय आईटीआई कटनी में अपने 10वीं एवं आईटीआई की अंकसूची, प्रमाण-पत्र, आधार,पैन,मतदाता पहचान पत्र तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।
No comments:
Post a Comment