लभेर नदी में दिखे तीन विशाल मगरमच्छ, ढीमरखेड़ा के ग्रामीणों में दहशत
वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी, रेस्क्यू टीम बुलाने की तैयारी, नदी किनारे न जाने की अपील
कटनी। जिले की ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम कंजिया से होकर बहने वाली लभेर नदी में बुधवार सुबह एक साथ तीन विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। लंबे समय बाद एक साथ तीन मगरमच्छ नजर आने से ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार लभेर नदी खेती-किसानी, मवेशियों को पानी पिलाने और दैनिक उपयोग का प्रमुख जल स्रोत है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि पहले नदी में मगरमच्छ नहीं दिखाई देते थे, लेकिन पिछले दो-तीन वर्षों से उनकी मौजूदगी कभी-कभार देखी जा रही है। इस बार एक साथ तीन बड़े मगरमच्छ दिखने से लोग नदी के आसपास जाने से भी डर रहे हैं।
मामले की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने वन विकास निगम के अधिकारियों को अवगत कराया। सूचना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से नदी किनारे जाने से बचने की अपील की है।
वन विकास निगम (कुंडम परियोजना) के रेंजर जुहैद हुसैन ने बताया कि तीन मगरमच्छ होने की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है। मगरमच्छों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए जल्द रेस्क्यू टीम बुलाई जाएगी। साथ ही गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने और नदी से दूर रहने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
वन विभाग की एडवाइजरी
रेस्क्यू अभियान पूरा होने तक नदी किनारे जाने से बचें।
मवेशियों को नदी में पानी पिलाने या नहलाने न ले जाएं।
बच्चों को नदी के आसपास अकेले न जाने दें।
मगरमच्छ दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

No comments:
Post a Comment