शहर विकास की परियोजनाओं पर कलेक्टर की पैनी नजर, मेगा प्रोजेक्ट्स का किया औचक निरीक्षण
एमएसडब्ल्यू प्लांट, एसटीपी, ई-लाइब्रेरी, ट्रांसपोर्ट नगर और कटाएघाट विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता व समय-सीमा पर दिए सख्त निर्देश
कटनी। शहर को स्वच्छ, आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से संचालित प्रमुख विकास परियोजनाओं का जायजा लेने के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी ने गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न निर्माणाधीन एवं संचालित परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि नागरिकों को जल्द बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार भी मौजूद रहीं। कलेक्टर ने अमीरगंज स्थित एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एमएसडब्ल्यू) प्लांट, माधवनगर के 7.5 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, कटाएघाट वाटर बॉडी रेजुवेनेशन परियोजना, अमकुही जल शोधन संयंत्र, के.सी.एस. स्कूल में निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी तथा पुरैनी ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। एमएसडब्ल्यू प्लांट में कलेक्टर ने कंट्रोल रूम, आईटी आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम, कचरा संग्रहण वाहनों की ट्रैकिंग व्यवस्था और कचरा प्रसंस्करण प्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने वैज्ञानिक तरीके से कचरा निस्तारण, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देने तथा पुराने कचरे और आरडीएफ सामग्री के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। अतिरिक्त टिपिंग स्टेशन के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। माधवनगर स्थित 7.5 एमएलडी क्षमता वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में ट्रायल रन की समीक्षा करते हुए उन्होंने शेष घरों में शीघ्र सीवर कनेक्शन देने के निर्देश दिए, ताकि प्लांट पूर्ण क्षमता से संचालित हो सके। साथ ही उपचारित जल का उपयोग पार्कों, हरित क्षेत्रों, औद्योगिक इकाइयों और रेलवे में बढ़ाने पर भी जोर दिया।कटाएघाट में अमृत 2.0 योजना के तहत विकसित हो रही वाटर बॉडी रेजुवेनेशन परियोजना का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने पाथवे, घाट, रेलिंग, उद्यान, बैठने की व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भविष्य की जल आवश्यकताओं को देखते हुए अतिरिक्त एनीकट निर्माण की संभावनाओं पर भी अधिकारियों से चर्चा की।
अमकुही जल शोधन संयंत्र परिसर में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत कलेक्टर आशीष तिवारी ने भिलमा तथा नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने जामुन का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने परिसर में प्रस्तावित पौधारोपण स्थलों का भी निरीक्षण किया। के.सी.एस. स्कूल परिसर में निर्माणाधीन आधुनिक ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने भवन, लिफ्ट, लाइटिंग, पार्किंग एवं अन्य सुविधाओं की समीक्षा की और शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर लाइब्रेरी शुरू करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने छात्रा सोनम पटेल से संवाद कर मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। पुरैनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना में कलेक्टर ने प्लॉट आवंटन की स्थिति की समीक्षा करते हुए शेष प्लॉटों के लिए शीघ्र द्वितीय निविदा प्रक्रिया शुरू करने, पारदर्शी आवंटन सुनिश्चित करने और इच्छुक ट्रांसपोर्टरों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि उपज मंडी के पीछे प्रस्तावित थोक कपड़ा व्यापारियों के स्थल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, आदेश जैन, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, मृदुल श्रीवास्तव, मोना करेरा, शैलेन्द्र प्यासी, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment