9 अगस्त को कटनी में निकलेगी भव्य पैदल कांवड़ यात्रा, नीलकंठेश्वर धाम में होगा भव्य समापन
बागेश्वर धाम से होगी यात्रा की शुरुआत, दोपहर 12 बजे विशाल भंडारा शिवभक्तों से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
कटनी। सावन मास की पावन बेला में भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम 9 अगस्त 2026 को कटनी जिले में देखने को मिलेगा। इस दिन बागेश्वर धाम से सलेया पड़खुर्द स्थित नीलकंठेश्वर धाम तक भव्य एवं विशाल पैदल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ भगवान शिव के जलाभिषेक हेतु पैदल प्रस्थान करेंगे। पूरी यात्रा भक्तिमय वातावरण, शिव भजनों और धार्मिक उत्साह से सराबोर रहेगी।
आयोजन समिति के अनुसार, यात्रा के समापन पर दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। समिति ने क्षेत्रवासियों एवं शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। इस धार्मिक आयोजन की कमान प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं समाजसेवी बाबू ग्रोवर के नेतृत्व में आयोजन समिति संभाल रही है। समिति ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष के साथ यह कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सेवा भावना का प्रेरणादायी संदेश देने वाली होगी।

No comments:
Post a Comment